कोरबा – सीतामणी क्षेत्र के तीन बच्चे मंगलवार को हसदेव नदी में बह गए थे। एक बच्चा तैर कर बाहर निकल गया था जिसे सुरक्षित बताया जा रहा है। वहीं दोनों बच्चों की तलाश पुलिस परिजनों के साथ मिलकर, गोताखोरों के द्वारा शुरू की गई। कल रात हो जाने की वजह से उफनती हसदेव नदी में बच्चों को तलाशना काफी मुश्किल रहा। आज भोर होते ही फिर बच्चों की तलाश नदी में शुरू की गई। काफी कोशिशों के बाद सुबह एक बच्चे की मृत देह बरामद हो सकी जबकि दूसरे की तलाश जारी है।एक बच्चे आयुष का शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। और तलाश में जुटे लोगों की भी आंखें छलक उठीं। शव को परिजनों के सुपुर्द करने पुलिस वैधानिक पंचनामा की कार्यवही कर रही है।
आपको बता दें कि सीतामणी हटरी के पास 11 वर्षीय निवासी दीपांशु सोनी पिता जितेंद्र सोनी व 5 वर्षीय आयुष केंवट पिता शिव केंवट व एक और किशोर मंगलवार को सीतामणी रेत घाट के पास हसदेव नदी में नहाने गए हुए थे। नहाते वक्त पानी के तेज बहाव में संतुलन बिगड़ जाने के कारण ये अपने आप को संभाल नहीं सके। और बहने लगे। तीसरा बच्चा तैरकर किसी तरह बाहर निकल गया। लेकिन दीपांशु और आयुष बह गए। बचकर बाहर निकले बच्चे ने आसपास लोगों को इसकी जानकारी दी और देखते-देखते स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची व गोताखोरों की मदद से बच्चों की खोज नदी में शुरू की थी।


No comments:
Post a Comment