बिलासपुर।अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय एमए पूर्व समाजशास्त्र की परीक्षा में गुरुवार को परीक्षार्थियों को भेजे गए प्रश्नपत्र में एमए अंतिम वर्ष लिखा मिला। परीक्षार्थियों में इसे लेकर हड़कंप मच गया। दो घंटे तक परेशान हुए। शिकायत के बाद परीक्षा नियंत्रक डॉ.प्रवीण पांडेय ने इसे प्रिंटिंग त्रुटि बताते हुए सुधार कर एमए पूर्व पढ़ते हुए पर्चा हल करने का आदेश दिया।
एमए पूर्व समाजशास्त्र की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक था। परीक्षा विभाग ने आधे घंटे पहले परीक्षार्थियों को ई-मेल, यूजर आइडी और वेबसाइट पर समाजशास्त्र के सिद्धांत एवं दृष्टिकोण विषय का पर्चा भेजा जिसमें दो बड़ी गड़बड़ी थी। पहला यह कि प्रश्नपत्र में पूर्व की जगह एमए अंतिम वर्ष अंकित था। परीक्षार्थियों को सभी दस प्रश्न हल करने के निर्देश दिए गए थे। जिसे देखते हुए छात्र-छात्राएं दुविधा में पड़ गए। प्रश्नपत्र हल करें की नहीं। परीक्षा विभाग को इसकी शिकायत की गई। एक घंटे बाद आदेश जारी हुआ कि प्रश्नपत्र सही है। दस की बजाए पांच प्रश्न हल करने कहा गया। प्रिटिंग में त्रुटि के कारण पूर्व की जगह अंतिम वर्ष प्रकाशित हो गया था। इस गलती के कारण परीक्षार्थी दो घंटे तक परेशान हुए।
80 हजार से अधिक हुए शामिल
स्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष स्वाध्यायी, पूरक और पूर्व छात्रों के अलावा स्नातक-स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष नियमित एवं स्वाध्यायी छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं जिसमें एक लाख 25 हजार परीक्षाथी पंजीकृत हैं। यूजीसी के आदेश के तहत परीक्षार्थियों को घर में पर्चा हल करने कहा गया है। ई-मेल, यूजर आइडी और वेबसाइट पर आधे घंटे पहले प्रश्नपत्र जारी किया जाता है। गुरुवार को चार पालियों में करीब 80 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए।
एमए पूर्व के प्रश्नपत्र में मामूली प्रिंटिंग त्रुटि थी, जिसकी जानकारी होने पर तत्काल सुधार करने आदेश जारी कर दिया गया। प्रश्नपत्र में प्रिंटिंग को लेकर आई दिक्कतों के संदर्भ में कुलपति व कुलसचिव को भी अवगत करा दिया गया है।
डॉ.प्रवीण पांडेय
परीक्षा नियंत्रक
अटल बिहारी वाजपेयी विवि


No comments:
Post a Comment